उन्नाव कांड पर अखिलेश यादव ने दिया बड़ा बयान, बोले इस घटना के पीछे भाजपा नेताओं का हाथ
उन्नाव में पेट्रोल डाल कर दुष्कर्म पीड़िता को जलाए जाने के मामले में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर आग उगली। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्नाव कांड पर बोलते हुए कहा कि उन्हें न्यायालय पर भरोसा है, लेकिन भाजपा सरकार पर नहीं। उन्नाव में दो बेटियों के साथ दुराचार की घटनाओं में भाजपा नेताओं का हाथ हैं।
पहली घटना में तो पीडि़ता को न्याय के लिए मुख्यमंत्री के आवास तक जाना पड़ा और आत्मदाह तक का प्रयास किया। उसके पिता व अन्य की हत्या भी हो गई। वहीं दो दिनों पूर्व हुई दूसरी घटना में पीड़ता के न्यायालय जाते समय पिटाई कर जिंदा जलाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि पीडि़ता का इलाज करने वाले डाक्टरों ने हालत नाजुक बताई है। उम्मीद है कि पीडि़ता जल्द ही स्वस्थ्य होगी।
अखिलेश ने हमलावर होते हुए कहा भाजपा सरकार धान की कीमत नहीं दे पा रही तो किसानों की पराली की व्यवस्था क्या करेगी। यह बात झींझक में एक तिलक समारोह में शामिल होने आए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कही। शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री झींझक कस्बा के राम पैलेस गेस्ट हाउस में सपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष गुड्डू यादव की बेटी के तिलक समारोह में शामिल होने आए थे।